आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को महाविद्यालय में तीज एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में परम पूज्य महाराज श्री ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके पावन सान्निध्य से कार्यक्रम की गरिमा और आध्यात्मिकता और अधिक बढ़ गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। छात्राओं ने तीज पर्व की पारंपरिक संस्कृति को जीवंत करते हुए लोकगीत, नृत्य, झूला एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। परम पूज्य महाराज श्री ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी जी ने अपने कर कमलों से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जयराम शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री एस एन गुप्ता, प्रबंधन समिति के गणमान्य सदस्य श्री टेक सिंह, जयराम सैनिक स्कूल के प्रशासक सुरेश कुमार, सभी शिक्षण संस्थान के प्राचार्या,अध्यापिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रही।इसके साथ स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया गया। मुख्य अतिथि महाराज श्री ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और राष्ट्रप्रेम से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमारी समृद्ध परंपराएं हमें अपनी जड़ों से जोड़ती हैं और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से हमें राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर परम पूज्य महाराज जी ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। इसके साथ सुप्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री जय भगवान सिंगला जी ने सपत्नीक महाविद्यालय में पौधारोपण किया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुदेश रावल ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीज हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, वहीं स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण करवाता है। उन्होंने छात्राओं को भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्र की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।















