कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के तत्वावधान में सेठ नवरंग राय लोहिया जय राम गर्ल्स कॉलेज लोहार माजरा में 17 से 19 अक्टूबर तक आयोजित 49वें जोनल यूथ फेस्टिवल, कुरुक्षेत्र जोन का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव में विभिन्न टीमों के युवा कलाकारों ने हरियाणवी लोक संस्कृति, शास्त्रीय एवं पश्चिमी संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्यिक गतिविधियों तथा ललित कलाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महोत्सव के दौरान कुल 42 प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।